शिक्षा मंत्री डाॅ. रावत ने पौड़ी से किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारम्भ

देहरादून : प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पौड़ी से राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारम्भ किया। इस दौरान पाबौ, सांकरसैंण और पौड़ी में आयोजित तिरंगा यात्राओं में हजारों लोगों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

तिरंगा यात्राओं के दौरान भारत माता की जय के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सांकरसैण में डॉ. रावत ने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है। उन्होंने युवाओं सहित प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज अवश्य फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं।

पाबौं में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के दौरान डाॅ. रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में भी तिरंगा यात्राओं सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

राजकीय महाविद्यालय पाबौ में डॉ. रावत ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा, भविष्य की आकांक्षाओं, नवाचार एवं अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए उनके विचार और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार की अपार क्षमता है। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने सपनों को साकार करते हुए उत्तराखंड और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, मंडल अध्यक्ष विमल नेगी, जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, तीन घायल

Tue Aug 11 , 2026
चम्पावत। खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही वैगनआर कार बनलेख क्षेत्र में अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सूचना पर एसडीआरएफ और जिला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!