ग्रेटर नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण करने वाली ILGIM कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का भारी बीम गिरने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो फायरकर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में उपचार जारी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात कंपनी में अचानक आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

इसी दौरान कंपनी की एक ओर की दीवार और छत का लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर दमकलकर्मियों पर गिर गया। हादसे में फायरमैन रोहित यादव, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायल कर्मियों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम बाहर की ओर गिरने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस और SDRF की टीम मौके पर जांच में जुटी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और कंपनी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सिंगल यूज़ प्लास्टिक को बोलें “नमस्ते”! हरिद्वार की 04 “ग्रीन चौकी” बनीं गेम-चेंजर

Wed Aug 5 , 2026
हरिद्वार : कांवड़ मेला-2026 के दौरान स्वच्छ एवं हरित कांवड़ यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने एक अभिनव पहल करते हुए संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर चार ‘ग्रीन चौकी’ स्थापित की हैं। ये चौकियाँ पुल जटवाड़ा, कांवड़ पटरी प्रेमनगर, ऋषिकुल तथा सीसीआर चौक पर संचालित की […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!