अल्मोड़ा जिले में विद्युत विभाग की लापरवाही लाइनमैन के जीवन पर पड़ी भारी , दर्दनाक मौत

अल्मोड़ा : जनपद के जागेश्वर क्षेत्र अंतर्गत कोटूली गांव में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही के चलते विभाग में कार्यरत लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पूरन सिंह (45 वर्ष) निवासी ग्राम काना के रूप में हुई है, जो विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरन सिंह ने बीते दिन शाम तक जागेश्वर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुचारु किया था। कार्य समाप्ति के बाद वे घर लौट रहे थे, तभी कोटूली गांव में विद्युत लाइन में आग लगने की सूचना मिली। समस्या को ठीक करने के लिए उन्हें दोबारा मौके पर बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि लाइन पर कार्य करने से पहले पूरन सिंह को विधिवत शटडाउन दिया गया था। इसी दौरान तोली पावर हाउस से किसी अन्य कर्मचारी द्वारा बिना पुष्टि किए शटडाउन वापस ले लिया गया। शटडाउन हटते ही हाईटेंशन लाइन में अचानक विद्युत प्रवाह शुरू हो गया, जिससे पूरन सिंह करंट की चपेट में आ गए और तारों से चिपक गए।
घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शटडाउन देने और वापस लेने की प्रक्रिया में घोर लापरवाही बरती गई, जिसकी कीमत एक कर्मचारी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

वहीं, विद्युत विभाग के अधिशासी अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एक वरिष्ठ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर को जांच सौंपी गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि मृतक के परिजनों को विभाग की ओर से लगभग चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह हादसा विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली, आंतरिक समन्वय और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

The post अल्मोड़ा जिले में विद्युत विभाग की लापरवाही लाइनमैन के जीवन पर पड़ी भारी , दर्दनाक मौत first appeared on doonvoice.

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोटद्वार में हाथी ने पटक-पटक कर ली बुजुर्ग की जान, जंगल में गाय चराने गए थे, दोस्त ने भागकर बचाई जान

Tue Jan 27 , 2026
कोटद्वार: पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार क्षेत्र में रविवार को जंगल में गाय चराने और लकड़ी लेने गए एक व्यक्ति पर हाथी ने हमला कर दिया. हाथी के हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!