देहरादून साइंस सिटी बनेगी विज्ञान और नवाचार का राष्ट्रीय केंद्र – सीएम धामी

-यूकॉस्ट में निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, स्टार्टअप सेंटर के लिए भूमि देने की घोषणा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून साइंस सिटी आने वाले समय में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार का राष्ट्रीय केंद्र बनेगी। यहां विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे प्रदेश में शोध और नवाचार को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री सोमवार को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) परिसर में साइंस सिटी परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति पर विशेषज्ञों के साथ संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सिटी केवल एक भवन नहीं, बल्कि युवाओं की वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी। आने वाले वर्षों में यह केंद्र उत्तराखंड समेत देशभर के छात्रों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विज्ञान सेतु पहल के तहत सामुदायिक विज्ञान रेडियो विज्ञान वाणी (88.8 मेगाहर्ट्ज), विज्ञान दृश्यम और विज्ञान धारा का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन माध्यमों से प्रयोगशालाओं में विकसित ज्ञान को आम लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। कहा कि वर्तमान समय तकनीकी परिवर्तन का दौर है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, डेटा साइंस, सेमीकंडक्टर और बायो-टेक्नोलॉजी जैसी तकनीकें भविष्य की दिशा तय कर रही हैं। ऐसे में उत्तराखंड को तकनीकी क्षेत्र में नेतृत्व की क्षमता विकसित करनी होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रही है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति का उद्देश्य युवाओं को रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतियों के साथ अवसर भी प्रदान करती हैं। हिमालय, जैव विविधता, औषधीय वनस्पतियां और प्राकृतिक संसाधन प्रदेश की बड़ी ताकत हैं। वैज्ञानिक सोच के साथ स्थानीय समस्याओं के स्थानीय समाधान विकसित कर उत्तराखंड देश के लिए विकास का मॉडल बन सकता है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने यूकॉस्ट परिसर में स्टार्टअप सेंटर विकसित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, लैब्स ऑन व्हील्स, डिजिटल लाइब्रेरी, स्टेम लैब्स और आधुनिक तकनीकी प्रणालियों का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, सचिव नितेश झा, यूकॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह समेत वैज्ञानिक, शिक्षाविद और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पौड़ी गढ़वाल: हरेला पर्व पर मालाग्राम पहुंचे सीएम धामी, सघन पौधरोपण कर दिया हरित संरक्षण का संदेश

Fri Jul 17 , 2026
पौड़ी : हरेला पर्व के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!