ऋषिकेश में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

ऋषिकेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश बैरियर को टक्कर मारकर श्यामपुर की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल किया था।

घायल बदमाशों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ-साथ अस्पताल जाकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य साथियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

SIR की शुरुआत, सोमवार से मतदाताओं को BLO घर-घर बांटेंगे गणना फार्म

Mon Jun 8 , 2026
देहरादून : उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के समस्त मतदाताओं से बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!